Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में RTO चालान के बहाने भेजी एपीके लिंक:क्लिक करते ही बैंक अकाउंट खाली

रोहतक में साइबर ठगों ने आरटीओ चालान का डर दिखाकर एक व्यक्ति को झांसे में ले लिया। ठगों ने वॉट्सऐप पर एपीके फाइल की लिंक भेजी, जिस पर क्लिक करते ही युवक का बैंक अकांउट खाली हो गया। मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस को दी गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

समर गोपालपुर गांव के रहने वाले जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसके पास वॉट्सऐप पर आरटीओ चालान एपीके नाम की फाइल में आया, जिस पर क्लिक करते ही उसके खाते से रुपए कटने के मैसेज आना शुरू हो गया। 5 ट्रांजैक्शन में उसके खाते से 1 लाख 25 हजार रुपए की राशि निकाली गई।

जितेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर ठग ने उसके खाते से दो तारीखों में रुपए निकाले हैं। पहले 12 जुलाई को 3 बार ट्रांजैक्शन करके 1 लाख 10 हजार रुपए और 16 जुलाई को 2 बार ट्रांजैक्शन में 15 हजार रुपए निकाले गए। उसके मोबाइल को हैक करके साइबर ठगों ने रुपए निकाले हैं।

साइबर क्राइम थाना एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने साइबर ठगी की शिकायत दी है। एपीके एप के माध्यम से ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में साइबर ठगी के आरोपी की तलाश कर रही है। जिस नंबर से एप भेजी गई थी, उसे भी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version