Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले 2 युवक किये गिरफ्तार

रोहतक में नकली नोट चलाने का प्रयास करते दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो पहले भी नकली नोट बनाने के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपियों के पास से 500 व 2000 के नकली नोट भी मिले हैं। वहीं नकली नोट छापने के लिए प्रयोग किया गया कलर प्रिंटर व कागज बरामद किए हैं।

एक आरोपी ने जूस पीने के बहाने 500 रुपए का नकली नोट चलाना चाहा, लेकिन रेहड़ी वाले ने नकली नोट को पहचान लिया। जब तक वह आरोपी को पकड़ पाता, उससे पहले आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया।

सिटी थाना में दर्ज किया था मुकदमा
पुलिस ने रेहड़ी मालिक को जूस पीने के बहाने 500 रुपए का नकली नोट थमाकर फरार होने के मामले मे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी CIA-1 के SI अनेश कुमार ने बताया कि 3 नवंबर को उत्तर प्रदेश के जिला बहराइच के गांव बड़ौली निवासी अब्दुल रहमान ने शिकायत दी थी। जिसके आधार पर सिटी थाना शहर में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

जूस के बदले थमा दिया 500 का नकली नोट
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अब्दुल रोहतक के गोहाना चौक नजदीक वीटा प्लांट पर जूस की रेहड़ी लगाता है। वहीं खोखराकोट निवासी सूरज जूस पीने के लिए अब्दुल की रेहड़ी पर आया। सूरज ने 500 रुपए का नोट अब्दुल को दिया। अब्दुल को 500 रुपए का नोट नकली लगा। सूरज से 500 रुपए का नकली नोट बारे कहा तो वह मौके से फरार हो गया।

आरोपियों के पास मिला कलर फोटोस्टेट मशीन व नोट छापने का कागज
जांच के दौरान CIA-1 की टीम ने आरोपी खड़वाली निवासी सूरज उर्फ बब्लू व झज्जर की राधा स्वामी कॉलोनी निवासी सोमबीर को गिरफ्तार किया। दोनों से दो हजार के एक-एक व 500 के 3-3 नकली नोट बरामद किए गए। आरोपियों से HP कलर फोटोस्टेट मशीन व नोट छापने में प्रयोग कागज को बरामद किया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी इससे पहले 2017 में नकली नोट बनाने के मामले में पकड़े गए है। अब फिर से नकली नोट बनाने में जुट गए थे, लेकिन नकली नोट चलाने के चक्कर में दोनों पकड़े गए।

Exit mobile version