रोहतक के चिड़ी गांव में घरों के बाहर मीटर लगाने गई बिजली निगम और पुलिस का विरोध किया। ग्रामीणों ने बिजली निगम कर्मचारियों को मीटर लगाने से जबरन रोक दिया। खंभों पर लगाए मीटर भी उखाड़कर फेंक दिए। ग्रामीण निगम कर्मचारियों और पुलिस से उलझ गए। एसडीओ ने 12 नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
चिड़ी गांव म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल है। यहां करीब 250 घरों के मीटर घरों से बाहर लगाए जा चुके हैं, जबकि करीब एक हजार मीटर घरों के अंदर लगे हैं। गुरुवार को बिजली निगम के जेई पवन कुमार, फोरमैन राजेंद्र हुड्डा, लाइनमैन राजेश, लाइनमैन रविंद्र दलाल, संजय, पवन कुमार चिड़ी गांव में घरों से बाहर मीटर लगाने पहुंचे। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई। बिजली कर्मचारियों ने घरों से मीटर बाहर लगाना शुरू कर दिया। महिलाएं और ग्रामीण विरोध में खड़े हो गए। बिजली कर्मचारियों को जबरन मीटर घरों से बाहर लगाने रोक दिया।
इस बीच खंभे पर काम करने के लिए चढ़े बिजली कर्मचारियों काे काम करने से रोक दिया। ग्रामीणों का उग्र रवैय देख बिजली कर्मचारी खंभे से नीचे उतर गए। उन्होंने जो मीटर घरों से बाहर निकालकर खंभे पर लगाए थे, ग्रामीणों ने उन्हें भी उखाड़ दिया। खंभे पर मीटर लटक गए। देर तक चले हंगामे के बीच पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण घर के बाहर मीटर लगाने के विरोध में अडिग रहे। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद टीम को मौके से लौटना पड़ा गया।
सब अर्बन डिवीजन के एसीओ ने लाखनाजरा थाने में शिकायत दी है। इसमें 12 नामजद और 40 अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और बिजली के सामान की छीना झपटी करने और गांव में दोबारा नहीं आने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई जारी है।
चिड़ी गांव में बिजली कर्मचारियों की टीम घरों के बाहर मीटर लगाने गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। इस पर पुलिस थाने में एफआईआर कराई गई है।
– सुरेश हुड्डा, एसडीओ, बिजली निगम रोहतक।

