Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मगन सुसाइड केस में दिव्या पत्नी का मोबाइल है अहम सुराग: पुलिस बोली:डाटा रिकवरी जारी, होटलों में पूछताछ शुरू, प्रेमी दीपक से भी जल्द होगी पूछताछ

रोहतक के गांव डोभ निवासी मगन सुहाग की आत्महत्या मामले में अब उसकी पत्नी दिव्या का मोबाइल फोन जांच का अहम हिस्सा बन गया है। पुलिस फोन का डेटा रिकवर करवा रही है, ताकि पता चल सके कि क्या वाकई मगन को धमकियां दी गईं, या फिर पैसों का कोई लेन-देन हुआ था

दिव्या को दो दिन की पुलिस रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने उसके फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, जिससे वीडियो, कॉल रिकॉर्डिंग, चैट और ट्रांजैक्शन से जुड़े सबूत इकट्ठे किए जा सकें।

बता दें कि मगन सुहाग ने 18 जून को आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें उसने पत्नी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों की शिकायत पर थाना बहू अकबरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

लगभग 23 दिन बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी दिव्या को गिरफ्तार किया, जिससे अब मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि फोन का डेटा इस केस की गुत्थी सुलझाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

पुलिस का कहना है कि दिव्या की बताई लोकेशन से जो फोन बरामद हुआ है, उसका डेटा रिकवर करवाया जा रहा है ताकि पता चल सके कि जो वीडियो मगन को भेजी गई थी, वह इसी फोन में थी या नहीं। फोन का कुछ डेटा डिलीट किया गया है, जिसे रिकवर करवाया जा रहा है।

19 जून को मगन द्वारा सुसाइड करने की सूचना के बाद दिव्या होटलों में घुमती रही। पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए दिव्या ने अपना फोन बंद कर दिया और शिरडी पहुंच गई। इसके बाद 20 व 21 जून को होटल में रही। 23 जून को औरंगाबाद लौटी और 25 जून तक कई होटलों में रही। बाद में महाराष्ट्र के बीड, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर व धुले में होटलों के अंदर रूकी।

दिव्या 6 जुलाई को दीपक के साथ चंडीगढ़ आई और 7 जुलाई की रात दीपक को छोड़कर गोवा चली गई। यहां दो दिन रूकने के बाद जब पनवेल जाने के लिए होटल से निकली तो गोवा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद रोहतक पुलिस ने गोवा जाकर दिव्या को डिटेन करते हुए गिरफ्तार किया।

19 जून से लेकर 9 जुलाई तक दिव्या जिन होटलों में रुकी, उन होटलों में जाकर पुलिस पूछताछ करेगी। होटलों में दिव्या ने पेमेंट कैसे की, इसके बारे में भी जानकारी ली जा रही है। वहीं, होटलों में दिव्या ने किसी से संपर्क किया तो क्या होटल का फोन प्रयोग किया या खुद सिम बदलकर फोन करते रहे, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

थाना बहू अकबरपुर के जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि दिव्या के फोन को रिकवरी के लिए भेज दिया है। दिव्या जिन होटलों में रही, वहां भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी दीपक को भी अगले दो से तीन दिन में जांच में शामिल कर लिया जाएगा। पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।

Exit mobile version