Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पुराने नोटों के बदले एक करोड़ का लालच दे लाखों की ठगी: एक ही दिन में 2 अलग-अलग लोगों से साइबर फ्रॉड

रोहतक में दो लोगों से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को पुराने नोटों के बदले एक करोड़ रुपये का लालच दिया गया। उससे 2.84 लाख रुपये ठग लिए गए। दूसरे व्यक्ति से उसका एटीएम और एप का पिन लेकर 3.37 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। रोहतक के आदर्श नगर निवासी ओमप्रकाश दुआ ने पीजीआईएमएस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने शिकायत में बताया कि 5 दिसंबर को पीएनबी वन एप एटीएम के जरिए ठगी हुई। 5 दिसंबर को उनके पास एक कॉल आई और कॉलर ने एटीएम पिन और पीएनबी वन एप का पिन मांगा। वह कॉलर के झांसे में आ गए और पिन शेयर कर दिया। जिसके बाद उनके 2 अलग-अलग पीएनबी खातों से 3 लाख 37 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोहतक के गांव खिड़वाली निवासी राजबीर ने सदर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि 11 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। जिसमें सामने वाले ने 5, 10, 20 और 50 रुपये के पुराने नोटों के बारे में पूछा।हामी भरने के बाद कॉल करने वाले ने उसे इन नोटों के बदले एक करोड़ रुपये देने का लालच दिया। इसके लिए उसने इन नोटों की फोटो और वीडियो मांगी। फोटो और वीडियो भेजने के बाद उसने कहा कि वह अपने दोस्त को पैसे देकर भेज रहा है, जिसके लिए उसने किराए के तौर पर 25 हजार रुपये मांगे।

25 हजार रुपये देने के बाद 19 अक्टूबर को फिर कॉल आई और गाड़ी खराब होने के नाम पर 12 हजार रुपये मांगे गए। बाद में आरोपी लगातार पैसे मांगते रहे। उन्होंने उससे कुल 2 लाख 84 हजार 25 रुपये ठग लिए। इसकी जानकारी होने पर पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version