रोहतक में एक बेटे का शराब पीकर अपनी ही मां से मारपीट का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मध्य रात्रि दोस्तों संग शराब पीकर घर आया और मां से हाथापाई शुरू कर दी। महिला के फोन करने पर मौके पर आई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं महिला का मेडिकल कराया गया है।
रोहतक के गांधी कैंप इलाके की रहने वाली मूर्ति देवी से मिली जानकारी के मुताबिक उनका बेटा जितेंद्र शराब का आदी है। रोजाना शराब पीकर ही घर आता है और परिजनों से झगड़ा करता है। सोमवार मध्य रात्रि में भी वह शहर में अपने दोस्तों संग शराब पीकर घर आया। आते ही उसने उनसे मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में उन्हें काफी चोटें आईं। उन्होंने सूचना देकर पुलिस को बुलाया, लेकिन इससे पहले ही आरोपी बेटा भाग गया। मौके पर आई पुलिस ही घायल परिजनों को अस्पताल लेकर आई। उनका मेडिकल कराया और उपचार दिलाकर मामले की शिकायत दर्ज की गई।
महिला ने बताया कि उनका बेटा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। अपने ही घर में अपने ही बेटे से उन्हें अब जान का खतरा है। मामले में थाना पीजीआई पुलिस का कहना है कि आरोपी पर केस दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।
