Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पड़ोसी से उधार दिए पैसे वापिस मांगने पर पड़े ईंट पत्थर; 2 घायल– घर का शीशा व स्कूटी भी टूटी: देखें CCTV Footage

रोहतक की तेज कॉलोनी में उधार दिए पैसे मांगने पर पड़ोसियों ने पहले परिवार के साथ झगड़ा किया और फिर घर पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। यह वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। पत्थरबाजी में मकान का शीशा व स्कूटी भी टूट गई।

यही नहीं आरोपियों ने छत के रास्ते घर में घुसकर मां-बेटे पर ईंटों से हमला करके घायल कर दिया। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।

तेज कॉलोनी निवासी करण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने पड़ोसी भारत को 5-6 महीने पहले 16 हजार रुपए उधार दिए थे। रविवार को वह पार्क में बैठा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी भारत पार्क में आ गया। करण ने अपने पड़ोसी से कहा कि उसके उधार दिए गए पैसे वापस दे दे। पैसे वापस मांगने पर उसका पड़ोसी गाली-गलौज करने लगा और उनकी हाथापाई हो गई।

करण ने बताया कि पार्क में झगड़ा होने के कारण वह अपने घर पर आ गया। शाम को उसका पड़ोसी भारत, उसका लड़का शिवा व उसका भाई रिकी अपने हाथों में ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पर आ गए। आते ही उक्त लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला करके मकान का शीश तोड़ दिया और घर के बाहर खड़ी स्कूटी को भी तोड़ा।

उन्होंने बताया कि बाहर पत्थर बरसाने के बाद वे मकान के ऊपर से घर में घुसे। वहां पर करण व उसकी मां सुनीता पर ईंट व थप्पड़-घुसों से हमला कर दिया। जब मां-बेटे ने बचाने के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया तो तीनों आरोपी वहां से भाग गए। वहीं जाते समय धमकी दे रहे थे कि अब तो बच गए, आगे से पैसे मांगने की हिम्मत दिखाई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।

CCTV में कैद वारदात
यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV में भी कैद हो गई। जिसमें आरोपी हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इधर, घायल मां-बेटे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर तीन नामजद के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version