रोहतक। रोहतक के गांव मोखरा में घरेलू विवाद के चलते एक पहलवान ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। बुधवार देर रात करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने पत्नी पर लोहे की रॉड से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान मीना के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम नरेश बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
देर रात कहासुनी के बाद किया हमला
जानकारी के अनुसार, मीना और नरेश के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात करीब 12 बजे दोनों के बीच फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और नरेश ने लोहे की रॉड उठाकर मीना पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में मीना के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
बेड पर खून से लथपथ मिला शव
घटना के बाद घर में बेड पर मीना का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और FSL एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य एकत्र करवाए।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मीना और नरेश के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। मां की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के फरार होने के बाद उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेश गांव मोखरा छाजान की सरपंच नीतू के ताऊ का बेटा है।

