Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में महिला से मां का इलाज के बहाने लाखो की ठगी- बदले में नकली गहने गिरवी रख ठग रफूचक्कर

रोहतक के फरमाना में महिला से नकली सोने के अभूषणों के बदले 5 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। जहां पहले आरोपी ने दुकानदार महिला को अपनी मां की तबीयत खराब बताकर बातों में उलझाया। वहीं इलाज के लिए रुपये की जरूरत बताकर नकली आभूषण महिला को थमा दिए और उससे 5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है।

गांव फरमाना निवासी मूर्ति देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार को घर पर ही थी। वह अपनी परचून की दुकान संभाल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। जिसने अपना नाम राजस्थान के पाली निवासी राजू बताया। राजू ने कहा कि उसके पास सोना है, जो उसे मकान में मिला था। उसने कहा कि उसे पैसों की सख्त जरूरत है और वह सोना बेचना चाहता है।

साथ ही आरोपी ने कहा कि उसकी मां की अधिक तबीयत खराब है, जिसके इलाज के लिए उसे पैसों की जरूरत है। जिस पर मूर्ति देवी उससे सोना खरीदने को राजी हो गई। आरोपी ने कपड़े के बैग में सोने जैसे रंग की चेन जैसे आभूषण दिखाए। जिसके बाद मूर्ति देवी ने आरोपी राजू को 5 लाख रुपये दे दिए। आरोपी रुपये लेकर वहां से फरार हो गया।

जब परिवार वाले घर आए तो मूर्ति देवी ने इसके बारे में परिवार वालों को बताया। परिवार वालों ने जब इन आभूषणों की जांच की तो पाया कि वे सभी नकली आभूषण हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ितों के अनुसार आरोपी उनकी परचून की दुकान पर पहले भी 3-4 बार आया। उस दौरान आरोपी राजू का कहना था कि वह पुराने मकान तोड़ने का काम करता है। पहले दुकान से सामान खरीदकर चला जाता था। इसी बीच उसने अपनी जान-पहचान भी बढ़ाई। जब मूर्ति देवी अकेली दिखी तो उसने ठगी का शिकार बना लिया।

पीड़िता के बेटे ने बताया कि उन्होंने किसी से कर्ज लिया हुआ था। लेकिन उसके घर में शादी होनी थी, इसलिए उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। अपना कर्ज उतारने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति से वे एक दिन पहले ही 5 लाख रुपये लेकर आए थे। अब उन्हें ये पैसे अपना पहले वाला कर्ज उतारने के लिए देने थे।

Exit mobile version