रोहतक में दोस्त बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जिसमें आरोपी ने पीड़ित से वॉट्सऐप पर मैसेज भेजा और दोस्त बनकर बातचीत की। इसके बाद किसी परिचित के अस्पताल में भर्ती होने की बात कहकर रुपए की मांग की। जब पीड़ित को इसका धोखाधड़ी का पता चला, उससे पहले 1 लाख 15 हजार रुपए ठगे जा चुके थे।
रोहतक की जगदीश कॉलोनी चौक निवासी हिमांशु बुद्धिराजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है। उसके वॉट्सऐप पर एक मैसेज आया। मैसेज के माध्यम से बातचीत करते हुए सामने वाले ने खुद को प्रांशुल परुथी बताया, जो हिमांशु का दोस्त है।
उन्होंने कहा कि वॉट्सऐप की प्रोफाइल तस्वीर भी प्रांशुल की ही लगा रखी थी। मैसेज के माध्यम से सामने वाले ने कहा कि उसके किसी रिश्तेदार का एक्सीडेंट हो गया है और वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। रिश्तेदार का इलाज करवाने के लिए रुपए की जरूरत है।
हिमांशु ने बताया कि उसने जब उससे फोन पर बात करने की कोशिश की तो नेटवर्क नही था। इसलिए फोन पर बातचीत नहीं हो पाई। केवल वॉट्सऐप मैसेज के जरिए ही बातचीत हुई। वॉट्सऐप पर बातचीत करने वाले के पास कई अन्य दोस्तों की भी जानकारी थी। जिससे उस पर संदेह कम हुआ।
उन्होंने बताया कि सामने वाले ने उससे इलाज के लिए रुपए मांगे। जिसके बाद उसने 1 लाख 15 हजार रुपए उसके अकाउंट में डलवा दिए। जब यह पता चला कि यह प्रांशुल नहीं है तो उसने नंबर को ब्लॉक ही कर दिया। इसके बाद उसकी प्रोफाइल तस्वीर लगाकर उसके नाम से भी दूसरे दोस्तों से पैसे मांगने लगा।
