रोहतक में एक छात्र व उसकी बहन को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पड़ोसी गांव के ही युवक द्वारा 5.61 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी में आरोपी संग तीन युवक व एक युवती भी शामिल हैं। पीड़ित छात्र ने आरोपियों के खिलाफ आईजी रोहतक को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रोहतक के गांव मुरादपुर निवासी अंकित से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने व उनकी बहन ने एचएसएससी के लिए आवेदन किया था। उनके घर पर पड़ोसी गांव टिटोली के डॉ कृष्ण का आना-जाना था। उसने कहा कि उसने अपने बच्चों की भी सरकारी नौकरी लगाई है, अगर पैसे दें तो तुम्हारी भी लगा दूंगा। आरोपी ने यह भी कहा कि नौकरी नहीं लगी तो पैसे वापस कर दिए जाएंगे। उसकी बातों में आकर उन्होंने उसे 5.61 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद उसने राजीव निवासी पानीपत, अशोक निवासी जींद, सोनिया उर्फ सोनम निवासी रोहतक व मास्टर कृष्ण निवासी करनाल से मिलवाया। दी रकम में से 2.39 लाख रुपये सोनम के खाते में भेजे गए।
पीड़ित छात्र ने बताया कि रुपये लेने के बाद पांचों आरोपियों ने उन्हें एक साल तक गुमराह किया। हर महीने बहकाते रहे कि बस नौकरी लगने वाली ही है। अब नौकरी न लगने पर जब उन्होंने मुख्य आरोपी डॉ कृष्ण से पैसे वापस करने के लिए कहा तो वह कह रहा है कि रुपये लेकर तो चारों लोग भाग गए। उससे रुपये की बात न करो। पीड़ित छात्र ने आरोपियों की गिरफ्तारी व रुपये वापस करवाने की मांग की है। मामले में जांच कर रही सिटी थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
