Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सेल्समैन पर 3 युवकों ने धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला- बाइक की चाबी निकालकर भागे

रोहतक में बाइक पर सहकर्मी युवती संग जा रहे एक शोरूम के सेल्समैन पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से उसकी पीठ, हाथ व टांगों पर वार किया। धारदार हथियार सेल्समैन के शरीर पर जहां-जहां लगा, गहरे घाव हो गए। इसके बाद हमलावर सेल्समैन की बाइक की चाबी निकालकर भाग गए। हमले में घायल होने के बाद सेल्समैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

शहर के एक शोरूम में बतौर सेल्समैन काम करने वाले गांव किलोई निवासी सुनील ने पुलिस को बताया है कि सोमवार देर रात जब वह अपने शोरूम पर पहुंचा तो वहां सहकर्मी युवती पहले से ही उसका इंतजार कर रही थी। उसे बाइक पर बैठकर जैसे ही वह तिकोना पार्क के पास पहुंचा तो वहां सड़क पर पैदल आए तीन युवकों ने युवती से बाइक से उतरने के लिए कहा। युवती के उतरते ही तीनों युवकों ने उस पर तलवारनुमा हथियार से वार कर दिया। उसकी पीठ, हाथ व टांगों पर एक के बाद एक कई वार किए। हमलावरों ने उसके सिर पर भी वार किया, लेकिन उसने अपना हाथ अड़ा दिया और सिर बच गया।

शिकायतकर्ता सुनील ने बताया कि हमले के बाद एक युवक बाइक लेकर आया और तीनों युवक उस पर बैठकर भाग गए। उसे अभी तक यह पता नहीं चला है कि उस पर अचानक यह हमला क्यों और किसने किया है। मामले में थाना पुलिस का कहना है कि युवती से भी पूछताछ की गई है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करके मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Exit mobile version