रोहतक के गांव सुनारिया कलां में लगभग 20.15 एकड़ भूमि में विकसित की जा रही तीन अनाधिकृत कॉलोनियों में ध्वस्तिकरण अभियान चलाया। इस अभियान में जिला नगर योजनाकार कार्यालय द्वारा एक निर्माणाधीन मकान, 3 डीपीसी, डब्ल्यूबीएम रोड़ नेटवर्क, कच्ची और पक्की सड़क को तोड़ा गया।
रोहतक के डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे अवैध रूप से किए गए निर्माण या विकसित की जा रही कॉलोनी में अपने जीवन की पूंजी को निवेश ना करें। जिला प्रशासन द्वारा नियमित अंतराल पर ऐसे निर्माण व कॉलोनी को गिराने का अभियान चलाया जाता है। ध्वस्तिकरण की कार्रवाई में जिला नगर योजनाकार कार्यालय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रोहतक के तहसीलदार राजेश कुमार और पुलिस बल मौजूद रहा
जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन की जमा पूंजी अवैध निर्माण या डीलर/भू-मालिकों के द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश ना करें। नागरिक अपनी जमा पूंजी को निवेश करने से पहले किसी भी कार्यदिवस उनके कार्यालय में आकर पूछताछ कर सकते हैं।
