Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 3 बाइक सवार युवकों ने व्यापारी की काटी जेब; घर जाते वक्त हुई वारदात– पहले बातों ने उलझाया फिर किया जेब से 1 लाख 20 हजार साफ

रोहतक में एक व्यापारी की जेब से 1 लाख 20 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। घर जाते समय बाइक पर आए तीन युवकों ने पहले तो बातों में उलझा लिया और फिर जेब पर हाथ साफ करके फरार हो गए। जब व्यापारी को पता लगा तो इस घटना की शिकायत पुलिस को दी।

शीतल नगर निवासी बिजेंद्र उर्फ लीला ने बताया कि वह पुराना बस अड्‌डा एरिया में भैंसों की डेयरी कर रखी है। भैंसों के खरीदने-बेचने का व्यापार करता है। शनिवार रात को करीब पौने 9 बजे अपनी डेयरी से 1 लाख 20 हजार रुपए लेकर घर जा रहा था। वह एक व्यक्ति से 2 लाख 30 हजार रुपए लेकर आया था, जिसमें से 1 लाख 10 हजार रुपए एक भैंस के मालिक को दे दिए।

उसने बताया कि 1 लाख 20 हजार रुपए दूसरे भैंस के मालिक को देने थे, लेकिन वह बाहर गया हुआ था। इसलिए वह पैसों को लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान जब वह झज्जर रोड पर बाथरूम करने लगा। इसी बीच एक युवक बाइक पर सवार होकर उसके पास आया। उक्त युवक ने कहा कि उसकी आंख में कुछ गिर गया है, उसे देख लें। इसके बाद बिजेंद्र उस युवक की आंख में देखने लग गया।

इसी बीच दूसरा मोटरसाइकिल आया। जिस पर दो युवक सवार थे। उन्होंने बातों में उलझाकर उसकी जेब से 1 लाख 20 हजार रुपए निकाल लिए और वहां से फरार हो गए। जब बिजेंद्र ने जेब संभाली तो पता लगा कि उसके 1 लाख 20 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version