हरियाणा के रोहतक जिले में अपनी कार से जा रहे एक कस्टम इंस्पेक्टर को बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया और पिस्टल तान दी। कस्टम इंस्पेक्टर को केस से हटने की धमकी दी। कस्टम इंस्पेक्टर ने थाना सदर में केस दर्ज कराया है। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
रोहतक के सेक्टर 4 एक्सटेंशन में रहने वाले कस्टम इंस्पेक्टर प्रशांत ने पुलिस को बताया है कि फिलहाल उनकी तैनाती हिसार में है। मंगलवार देर शाम में अपनी वरना कार से हिसार जा रहे थे। जींद रोड के गोल चक्कर पर पीछे से पल्सर बाइक पर आए दो युवकों ने कार के आगे अपनी बाइक लगा दी।
इस वजह से उन्हें कार रोकनी पड़ी। दोनों युवकों ने उन्हें बाहर निकलने के लिए कहा। वह कार से बाहर निकले तो युवकों ने उनसे परिचय पूछा। इसके बाद एक युवक ने कहा कि फिलहाल जो केस चल रहा है, उससे आप हट जाइए। मैंने युवकों से पूछताछ करनी चाही।
लेकिन उनमें से दूसरे युवक ने अपनी पेंट की जेब से पिस्टल निकालकर तान दी और कहा कि केस से नहीं हटे तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। कस्टम इंस्पेक्टर ने आरोपी युवकों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। उनसे अपनी जान को खतरा बताया है।

