Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पुराने बर्तन की जगह नए बर्तन बेच रही 2 महिलाओं ने सम्मोहित कर 8 महिलाओं से ठगे लाखो के गहने

रोहतक के गांव सुनारिया कलां में बर्तन बेचने आई 2 महिलाओं द्वारा गांव की कुछ महिलाओं को सम्मोहित करके उनसे सोने-चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। बता दे जब महिलाओं को ठगी का शिकार होने का अंदाजा हुआ तो परिवार वालों को और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी दो महिलाएं लगातार 6 दिनों तक गांव में बर्तन बेचने के लिए आईं। इस दौरान वे पुराने बर्तनों को लेकर उनके स्थान पर नए बर्तन दे रही थीं। इस दौरान उन्होंने पुराने गहने लेकर उनकी कंपनी का मार्का लगे गहने देने की बात कही और लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गईं। पीड़ितों द्वारा अपने स्तर पर भी आरोपी महिलाओं की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

गांव सुनारिया कलां निवासी नेहा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गांव में दो महिलाएं बर्तन बेचने के लिए आईं। महिलाएं पुराने बर्तन लेकर उनके बदले नए बर्तन देती थी। उक्त महिलाएं करीब 6 दिनों तक बर्तन लेकर गांव में आती रहीं। महिलाओं ने नेहा व उसके परिवार को भी विश्वास में लिया, जिसके बाद उन्हें सम्मोहित कर लिया। उन्हें सोने का मार्का दिखाया। साथ ही कहा कि यह उनकी कंपनी का मार्का है। जो सबसे अच्छा होता है। नेहा व उसके परिवार की महिलाओं से गहने देकर उन्हें मार्का लगे गहने देने की बात कही।

नेहा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी दोनों महिलाओं के विश्वास में आकर उसने अपनी सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब व सोने का मंगलसूत्र दे दिया। उसकी मां चंद्रावती ने सोने की बाली, सोने का ओम, भाभी ममता का सोने का ओम, रेनू का सोने का ओम, भाभी भारती की चांदी की पाजेब व चुटकी, सोने के बाले, चांद की अंगूठी, नाक की बाली, भाभी ललिता के हथफूल, चुटकी व बाजे, बच्चों की कुंडली, भाभी पिंकी के सोने के बाले, पाजेब व चुटकी आदि गहने दे दिए।

इसके बाद उक्त महिलाओं ने कहा कि अब उनकी कंपनी के लोग आएंगे और महिलाओं को उनकी कंपनी का सोना देंगे।
झांसा देकर आरोपी महिलाएं वहां से चली गई, लेकिन उसके बाद कोई भी वहां पर नहीं आया। जिस पर महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का पता लगा, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। साथ ही आरोपी महिलाओं की तलाश करके गहने वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस ने नेहा की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि सुनारिया कलां में महिलाओं को सम्मोहित करके गहने ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version