Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत का रौनक हत्याकांड में आरोपियों ने किया खुलासा- पिता को देखकर मचाने लगा था शोर तो दबा दिया गला

पानीपत जिले के गांव बराना में हुए 8 वर्षीय रौनक हत्याकांड में पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात का खुलासा किया है। आरोपी पड़ोसी विनोद से मिली जानकारी के अनुसार उसने रौनक को घर के बाहर खेलते देखा तो उसका अपहरण करने की ठान ली। उसने रौनक को आम खिलाने के बहाने आवाज लगाई। उसे कहा कि खेत में ही तेरा ताऊ भी काम कर रहा है।

यह बात सुनकर रौनक विनोद के साथ बाग में चला गया, जहां आरोपियों ने उसे आम खिलाए। आम खाने के बाद रौनक ने कहा कि वह घर जा रहा है, मम्मी गुस्सा करेगी, मगर आरोपियों ने उसे वही पकड़ कर बैठा लिया। एक बार रौनक उनके हाथ से छूटकर भाग भी निकला। रौनक को पकड़ने के बाद विनोद और संजय ने उसे थप्पड़ मारे। इस बीच रौनक ने अपने पिता शिवकुमार को ट्रैक्टर पर जाते देखा। इस पर उसने पिता को आवाज लगाई, मगर ट्रैक्टर की आवाज में पिता सुन नहीं पाए।

रौनक के चिल्लाने की आवाज दबाने के लिए दरिंदों ने तुरंत उसका गला दबा दिया और मुंह दबाकर उसे साइड में ले गए। फंसने के डर से दोनों ने उसकी पिटाई करते हुए उसे जिंदा ही एक बोरे में डाल दिया। बोरा बंद कर दिया। इसके बाद भी बोरे में रौनक छटपटाता रहा तो एक बदमाश ने बंद बोरे में ही गला दबाया व एक ने उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद वह अचेत हो गया। उसे बाग के रास्ते ही जोहड़ की तरफ ले गए, जहां उसे 20 फीट गहरे जोहड़ में फेंक दिया। रौनक जिंदा न बच जाए, इसलिए बदमाशों ने बोरे में भी चार ईंट डाल दी थी, ताकि वजन होने की वजह वह बोरा जोहड़ के पानी में डूब जाए। बोरे के ऊपर भी करीब 10 ईंट डालकर ढक दिया था।

रौनक की चप्पलों को भी तालाब में फेंक दिया गया था । पुलिस रौनक की चप्पल बरामद नहीं कर पाई। सीआईए वन ने विनोद से वह कॉपी बरामद की है, जिसके पेज पर लिखकर 15 लाख की फिरौती मांगी गई थी। आरोपी संजय से बाइक बरामद की गई है। विनोद ने पेन तोड़ दी थी। सीआईए ने दोनों पर साक्ष्य को मिटाने का भी केस दर्ज कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस गिरफ्त में आरोपी विनोद व संजय।

हत्याकांड से ग्रामीण पूरी तरह से आक्रोशित हैं, जिसके चलते ग्रामीणों ने आरोपी का पता लगते ही उसके परिवार को नुकसान पहुंचा कर बदला लेने की ठानी हुई है। ग्रामीणों ने आरोपी विनोद के घर को आग लगाने की धमकी दी है। साथ ही आरोपी के बेटे के साथ भी उसी तरीके का सलूक करने की बात हर ग्रामीण की जुबां पर है, जैसा आरोपी ने 8 वर्षीय मासूम रौनक के साथ किया। इन सभी बातों को मद्देनजर रखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से आरोपी के घर के बाहर दिन रात पुलिस तैनात कर दी गई है। सुबह 8 से रात 8 व रात 8 से सुबह 8 बजे तक दो शिफ्ट में 6-6 पुलिसकर्मी आरोपी के घर के बाहर पहरा दे रहे हैं।

एक ही गली में रहने व साथ काम करने वाले पड़ोसी द्वारा बच्चे की हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आने पर हर कोई सहम गया है। पूरा दिन गांव सहित उस गली में सन्नाटा पसरा रहता है। वहीं मासूम रौनक के घर ढांढस बांधने वाले पहुंच रहे हैं।

जानें पूरा मामला
Exit mobile version