Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में इसराना से डाहर तक बदमाशों ने पीछा कर नंबरदार पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां: बाल-बाल बचा; घर के बाहर पहुंचकर भी की फायरिंग

पानीपत जिले के इसराना में शादी समारोह में गए नंबरदार पर बदमाशों ने रंजिशन ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। नंबरदार वहां से भाग कर किसी तरह अपने गांव डाहर पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उसका वहां तक पीछा भी किया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने यहां भी उसकी गोली मारकर हत्या करनी चाही।

गनीमत रही कि इतनी ताबड़तोड़ गोलियां चलने के बावजूद भी नंबरदार बाल-बाल बच गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद समेत 15 अन्यों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसराना थाना पुलिस को दी शिकायत में जोगिंद्र नंबरदार ने बताया कि वह गांव डाहर का रहने वाला है। वह गुरुवार को एक शादी समारोह में गया हुआ था। रात करीब 10 बजे वह जब वह DJ पर पहुंचा तो उससे रंजिश रखने वाले सुमित, शीलू, अमित उर्फ भुंड, अंकित नरवाल, दिरेन नारा समेत 10-15 युवक अन्य भी वहां थे।

नंबरदार का कहना है कि उक्त सभी रंजिशन उसके पीछे लगे हैं वह किसी तरह वहां से बचता हुआ अपने घर की ओर भागा। आरोपी भी उसके पीछे गोलियां चलाते हुए दौड़ने लगे। गोलियां चलाते-चलाते आरोपी उसके घर के सामने तक आ गए। आरोपियों ने वहां भी अंधाधुंध फायरिंग की।

नंबरदार जोगिंद्र का कहना है कि बदमाशों ने एकाएक करीब 20 राउंड फायर किए। जब वे वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से चले गए थे तो इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका-ए-वारदात की जांच की। इस दौरान पुलिस को एक खोल जोगिन्द्र के मकान के सामने, 2 खोल गोलू के मकान के सामने व 3 खोल मंदिर की दुकान के सामने पड़े मिले हैं। मौके से मिले इन 6 खोल को पुलिस ने बतौर साक्ष्य अपने पास रख लिए।

Exit mobile version