Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में बच्चों के विवाद में दो परिवारों में खूनी झड़प, 5 लोग घायल; 14 के खिलाफ FIR

पानीपत। जिले के गांव बापौली में बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के 14 लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर हमलावरों को मारपीट करते देखा जा सकता है।

घायल अंकुर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पानीपत ले जाया गया। इसके बाद उसने बापौली थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ पांच धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौटते समय बच्चों में हुई थी कहासुनी

गांव बापौली के कुम्हार मोहल्ला निवासी अंकुर ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर को स्कूल से लौटते समय उसके भाई के बच्चों और रामकिशन व सुभाष के बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी।

आरोप है कि इसी विवाद को लेकर शाम करीब 4 बजे जब वह अपने भाई टिक्कू, पिता लख्मीचंद और मां शीला के साथ घर के बाहर गली में बैठा था, तभी रामकिशन, सुभाष, सुरेंद्र, कमल और रामशरण सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए।

चाकू, गंडासी और डंडों से हमला करने का आरोप

अंकुर की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने आते ही उन पर हमला कर दिया। उसने आरोप लगाया कि सुरेंद्र ने कुवाड़िया से उसके सिर पर वार किया, कमल ने चाकू से हमला किया और सुभाष ने गंडासी से चोट पहुंचाई।

वहीं, रामकिशन और रामशरण ने उसके भाई टिक्कू को डंडों से पीटा। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि राजबीर, लाला, अमन सहित अन्य लोग और महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और अंकुर, उसके भाई, माता-पिता तथा भाई की पत्नी अंशु के साथ मारपीट की।

रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने बचने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में घायल अंकुर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।

14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

बापौली थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामकिशन, सुभाष, सुरेंद्र, कमल, रामशरण, राजबीर, लाला, अमन, कृष्णा, सोनिया, परमिला, रजो, दूसरी सोनिया और लाला की पत्नी के खिलाफ पांच धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

मामले की जांच एएसआई सतीश कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version