Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पलवल में पुलिस मुखबिरी के शक में बदमाशों ने की 22 वर्षीय युवक की हत्या- 10 के खिलाफ केस दर्ज

पलवल जिले में हत्या की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं, ताजा मामला पलवल के मिंडकौला गांव से सामने आया है। जहां पुलिस मुखबिरी के शक में एक 22 वर्षीय मिंडकौला निवासी सोनू उर्फ शेरा युवक की हत्या कर दी गई। वह KMP एक्सप्रेस-वे के पास खेतों में ढ़ाबा चलाता था। रात को कुछ युवक उसे तलाश करने पहुंचे थे। सुबह पीर वाले में उसका शव मिला, जिस पर चोट के निशान थे। पुलिस ने 5 नामजद सहित 10 के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस छानबीन में लगी है।

डीएसपी रतनदीप बाली से मिली जानकारी के अनुसार मिंडकौला गांव निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपने छोटे भाई सोनू उर्फ शेरा के साथ केएमपी एक्सप्रेस-वे के समीप अपने खेतों पर ढाबा चलाता है। उन्होंने चाय बनाने के लिए गांव निवासी भूपेंद्र को रखा हुआ है। रविवार रात को करीब नौ बजे सोनू घर चला गया और करीब 10 बजे भूपेंद्र बिना बताए ढ़ाबे से कहीं चला गया।

करीब साढे 10 बजे गांव के ही निवासी योगेश, रवि, सुमित, विक्की व डोडी अपने पांच-छह अन्य साथियों के साथ ढ़ाबे पर आए। उन्होंने कहा कि तुम दोनों भाइयों ने हमारी शिकायत पुलिस से की है, जिसका अंजाम तुम्हें भुगतना पड़ेगा। उन्होंने धमकी दी कि तेरा होटल तो हम बंद करवा कर ही रहेंगे।

रात के करीब सवा 11 बजे सोनू का फोन आया तो मैंने कहा कि भूपेंद्र कहीं चला गया है।सोनू उसे ढूढने के लिए घर से निकला, लेकिन उसे भूपेंद्र कहीं नहीं मिला। भूपेंद्र को खोजता हुआ सोनू बाइक पर मेरे पास आया तो मैंने कहा कि भूपेंद्र को सुबह ढूंढ लेंगे, तू सीधा घर चला जा, क्योंकि गांव के ही निवासी कुछ युवक धमकी देकर गए हैं। करीब साढे 11 बजे सोनू पीर वाले रास्ते से घर के लिए निकल गया।

सोमवार सुबह गांव के ही निवासी दीपक ने उसे फोन पर सूचना दी कि सोनू पीर वाले रास्ते पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मैंने मौके पर जाकर देखा तो सोनू के शरीर पर चोटों के निशान थे। रोहित ने शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के ही निवासी उक्त युवकों ने ही सोनू की हत्या की है, क्योंकि वे ही मुझे धमकी देकर गए थे। युवक अपराधी किस्म के हैं, जिनके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे पुलिस में दर्ज हैं। डीएसपी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version