Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में ASI ने सर्विस स्टेशन में फंदा लगाकर दी जान: 4 महीने से पत्नी के साथ चल रहा था विवाद, ड्यूटी पर जाना भी छोड़ दिया था

करनाल। मधुबन पुलिस में तैनात एक ASI ने करनाल के पिंगली चौक स्थित अपने कार सर्विस स्टेशन के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह उसकी मां जब सर्विस स्टेशन पहुंची तो बेटे का शव कमरे में लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

मृतक की पहचान गुरुनानकपुरा कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार (45) के रूप में हुई है। वह हरियाणा पुलिस में ASI के पद पर तैनात था। पिंगली चौक पर उसका पाल कार सर्विस स्टेशन भी था। इसी सर्विस स्टेशन के एक कमरे में उसका शव मिला।

सुबह मां पहुंची तो कमरे में लटका मिला शव

परिजनों के मुताबिक, मुकेश रात को अपने परिवार के पास ही था। सुबह वह उठकर जाने लगा तो परिजनों ने उससे पूछा कि कहां जा रहा है। इस पर उसने बताया कि वह अपने सर्विस स्टेशन जा रहा है।

कुछ समय बाद उसकी मां उसे देखने के लिए सर्विस स्टेशन पहुंची। वहां कमरे में जाकर देखा तो मुकेश फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर मां बेसुध हो गई। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी से 3-4 महीने से चल रहा था विवाद

परिजनों ने बताया कि मुकेश का पिछले तीन से चार महीने से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। परिवार के अनुसार, पत्नी घर छोड़कर अपने मायके चली गई थी। उसके जाने के बाद से मुकेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिजनों का यह भी कहना है कि इस दौरान उसने ड्यूटी पर जाना भी छोड़ दिया था।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक पारिवारिक विवाद को आत्महत्या का कारण घोषित नहीं किया है। मामले में इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

2001 में पुलिस में भर्ती हुआ था मुकेश

मुकेश कुमार वर्ष 2001 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुआ था। वह करीब 25 साल से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहा था। शुरुआत में उसकी ड्यूटी मधुबन अकादमी में रही। इसके बाद उसका तबादला पानीपत हो गया था। फिलहाल वह मधुबन पुलिस में ASI के पद पर तैनात था।

मुकेश की शादी को करीब 26 साल हो चुके थे। परिवार में 22 साल का बेटा और 18 साल की बेटी है। उसका बेटा कनाडा में रहता है।

FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।

पुलिस बोली- शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version