हरियाणा के जींद जिले के जुलाना में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पूर्व सैनिक के 22 वर्षीय बेटे कृष्ण उर्फ डैनी की छाती में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक दोस्तों के साथ पार्टी करके लौट रहा था, तभी कार सवार बदमाशों ने उसे अपने पास बुलाया और गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोली लगने के बाद कृष्ण छाती पर हाथ रखकर दौड़ता और वहां से निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुराने बस स्टैंड के पास मारी गोली
जानकारी के अनुसार, करेला गांव निवासी पूर्व सैनिक जगदीश अपने परिवार के साथ जुलाना में रहते हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा कृष्ण उर्फ डैनी बीती रात अपने छह दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। पार्टी से लौटते समय जब वे जुलाना के पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचे, तो कार सवार युवकों ने कृष्ण को अपनी गाड़ी के पास बुलाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही कृष्ण कार के पास पहुंचा, कार में बैठे एक युवक ने उसकी छाती में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद दौड़ता दिखा डैनी
घटना से जुड़ी CCTV फुटेज में कृष्ण गोली लगने के बाद छाती पर हाथ रखकर आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। उसके आसपास कुछ अन्य युवक भी नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस वारदात से जुड़े घटनाक्रम और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
गंभीर रूप से घायल कृष्ण को इलाज के लिए रोहतक PGI ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पुलिस जांच में जुटी, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद जुलाना थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कमल सिंह के अनुसार, पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या क्यों की गई, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

