हिसार में नारनौंद के गांव भकलाना के पास शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। हादसा भकलाना गांव के पास ट्राले द्वारा बाइक को टक्कर मारने से हुआ। हादसा ऐसा था कि मृतकों के शरीर के टुकड़े कई मीटर दूर जा गिरे।
मृतकों में नारनौंद का 38 वर्षीय बिजेंद्र व लोहारू के शेरपाजू गांव निवासी उसका दोस्त मनदीप शामिल हैं। बिजेंद्र हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नारनौंद निवासी बिजेंद्र अपने दोस्त मनदीप के साथ बाइक पर नारनौंद आ रहा था। जब वे भकलाना गांव के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
ट्राले की टक्कर से बिजेंद्र व मनदीप सड़क पर गिर गए। इसके बाद भी चालक ने ट्राले को नहीं रोका और दोनों को रौंदता हुआ उनके ऊपर से गुजर गया। इससे बिजेंद्र और मनदीप की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी बॉडी भी बुरी तरह से क्षत विक्षत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग व पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतकों का आज हांसी के अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
