Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में चाचा ने डंडा मारकर की 10 माह के भतीजे की हत्या: 3 पर केस दर्ज

हरियाणा के करनाल में चाचा द्वारा 10 महीने के भतीजे की गर्दन पर डंडा मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी चाचा बच्चे की मां के साथ डंडे से मारपीट कर रहा था। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चाचा समेत 3 पर केस दर्ज कर लिया है।

सोनीपत जिला के गांव असदपुर (नांदनौर) निवासी सुरेंद्र के मुताबिक उसने दो बेटियों पूजा व काजल की शादी 21 फरवरी 2023 को करनाल के बरसत गांव के 2 सगे भाइयों सुशील व शमशेर सिंह के साथ की थी। सुशील व शमशेर का तीसरा भाई भी है। जिसका नाम दीपक है और वह अविवाहित है।

सुरेंद्र कुमार ने कहा कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर दोनों बेटियों को तंग किया जा रहा है। इसको लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं और समझौते भी हुए। हर बार ससुराल वाले यही कहते थे कि हम दोनों लड़कियों को तंग नहीं करेंगे, लेकिन वह नहीं माने। दोनों बेटियों को जान से मारने की धमकी देते हैं।

इससे तंग आकर बेटी पूजा अलग किराए के मकान में रह रही थी। मंगलवार की दोपहर को देवर दीपक पूजा के कमरे में घुस गया और झगड़ा करने लगा। इस दौरान उसने डंडे से पूजा पर वार करना शुरू कर दिए। बच्चा बेड पर था। जैसे ही उसने पूजा को डंडा मारा तो वह उसे छूता हुआ 10 माह के राघव की गर्दन पर जा लगा।

डंडा लगते ही बच्चा बेसुध हो गया। पूजा ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लाेग मौके पर पहुंच गए। बच्चे को तुरंत घरौंडा के अस्पताल में लेकर आए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने बताया कि आरोपी देवर काजल के साथ भी मारपीट करना चाहता था, लेकिन काजल ने दरवाजा बंद कर लिया था। बेटी काजल भी गर्भवती है। दो या चार दिन में वह भी बच्चे को जन्म देगी, लेकिन आज इस परिवार ने नवजात की जान ले ली। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

घरौंडा थाना प्रभारी जंगशेर के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। देवर दीपक, सास रामकली और ससुर रामफल पर केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Exit mobile version