Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में SIR के बाद वोटर लिस्ट से 34 लाख मतदाताओं के नाम कटे, 30 अगस्त तक जुड़वाने का मिला आखिर मौका

हरियाणा में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) पूरा हो गया है। राज्य निर्वाचन विभाग की तरफ से प्रारंभिक मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। इसके तहत 15 जून से 31 जुलाई तक चले अभियान के अंतर्गत 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 मतदाताओं में से 34 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो धरातल पर मौजूद नहीं मिले।

इन मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से काट दिए गए हैं। पात्र मतदाता दोबारा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने प्रत्यक्ष मौजूद होने का प्रमाण देना होगा। एसआईआर अभियान में प्रदेश में 24.30 लाख मतदाता स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा अन्य श्रेणियों में मिले, जबकि 7.66 लाख मतदाताओं की मृत्यु होना पाई गई।

इस कारण उनके नाम मतदाता सूचियों से काट दिए गए हैं। 2.04 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। अभियान पूरा होने के बाद शुक्रवार (31 जुलाई, 2026) को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों की प्रारंभिक निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्रदेश के 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 पंजीकृत मतदाताओं में से 1 करोड़ 72 लाख 72 हजार 627 (83.64 फीसदी) मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए। जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। 23 जिलों में घर-घर किया गया सत्यापन :मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर को सफल बनाने के लिए 23 जिलों में घर-घर दस्तक दी गई। 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (इआरओ), 4,594 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 2,244 बीएलओ पर्यवेक्षकों और 20,629 बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 36,998 बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) ने भी अभियान में सहयोग किया। बीएलओ ने प्रत्येक घर तक पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित किए और उन्हें प्राप्त करने के लिए कम से कम तीन बार संपर्क किया।

चार जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा भी दावे-आपत्तियों की अवधि में अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। प्रारंभिक निर्वाचक नामावली संबंधित इआरओ, एइईआरओ और बीएलओ कार्यालयों के अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट और इसीआईएनइटी मोबाइल एप पर भी उपलब्ध करा दी गई है। 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटान किया जा सकेगा। अंतिम मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन तीन अक्टूबर को होगा। -ए श्रीनिवास, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा।

Exit mobile version