Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नशेड़ी बेटे ने पहले माँ को सरिया मार की हत्या; बीच-बचाव करने आए लकवाग्रस्त पिता की भी फोड़ी खोपड़ी

हरियाणा के यमुनानगर में एक बेटे द्वारा सरिया से हमला कर अपनी मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने सरिया मां के सिर में मारा, जिससे उसकी खोपड़ी फट गई। बीच-बचाव करने आए पिता पर भी युवक ने हमला किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ितों के दूसरे बेटे ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी के पिता का उपचार किया जा रहा है। मृतका की पहचान मिता देवी (55) पत्नी प्रभु राम निवासी गांव जयरामपुर के रूप में हुई है।

बुढ़िया थाना प्रभारी जसवीर के अनुसार शनिवार रात को उन्हें सूचना मिली कि गांव जयरामपुर में एक युवक ने महिला की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर वह मौके पर गए और परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पीड़िता के बेटे दिनेश कुमार ने बताया कि उसका भाई जॉनी कुमार शराब पीने का आदी है। दिनेश ने पुलिस को बताया है कि जॉनी कुछ काम-धंधा नहीं करता। वह शराब पीने के लिए पैसे इधर-उधर से लेता है। कई बार घर पर आकर झगड़ा भी करता है। उसने मां-बाप से कई बार मारपीट की है।

दिनेश के अनुसार, जॉनी शनिवार रात करीब 8 बजे घर आया। उसने मां से पैसे मांगे, लेकिन मां ने शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह वहां से चला गया। इसी दौरान मां खाना बनाने लगी और लकवे के शिकार पिता खाट पर खाना खाने के लिए बैठ गए। तभी जॉनी एक सरिया लेकर आया। उसने मां पर सरिया से हमला कर दिया। दिनेश ने बताया कि सरिया मां के सिर में लगी। इसके बाद उनके सिर से खून बहने लगा। तभी पिता प्रभु राम कुमार ने मां को बचाने की कोशिश की तो जॉनी ने उन पर भी सरिया से हमला कर दिया। जब पिता भी लहूलुहान हो गए तो जॉनी वहां से भाग निकला।

दिनेश का कहना है कि उसने मां-पिता को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित भी किया। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक जॉनी ने करीब 4 महीने पहले भी शराब पीकर इसी तरह मारपीट की थी। तब उसने अपनी मां की बाजू तोड़ दी थी। उस समय घरवालों ने कोई केस नहीं किया था। उन्होंने खुद ही अपना मामला सुलझा लिया। वह टूटी बाजू अभी ठीक भी नहीं हुई थी कि शराबी बेटे ने दोबारा हमला कर मां की हत्या कर दी।

Exit mobile version