Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दुल्हन ने दूसरी मंजिल से कूद की खुदकुशी:लव मैरिज के 15 दिन बाद भागा दूल्हा, घर से भागकर की थी शादी

फरीदाबाद में युवक-युवती की लव मैरिज का खौफनाक अंत हुआ है। लड़की ने 4 मार्च को घर से भागकर अपने प्रेमी के साथ शादी की। आरोप है कि 15 दिन बाद ही प्रेमी ने अपनी नई नवेली दुल्हन को ठुकरा दिया।

लड़की मायके आ गई और प्यार में मिले धोखे से आहत होकर 31 मार्च को मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। युवती की गुरुवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बदरपुर बॉर्डर इलाके में रहने वाली प्रियंका को इलाके में ही किराए पर रह रहे युवक अर्जुन से प्यार था। दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए तो वे घर से भाग गए और 4 मार्च को शादी कर ली। दोनों ने फरीदाबाद कोर्ट में कोर्ट मैरिज की और फिर फरीदाबाद के सेक्टर 11 के आर्य समाज मंदिर में 7 फेरे भी लिए। दोनों ने साथ जीने मरने की कसम भी खाई थी।

दोनों के प्रेम विवाह के बंधन में 15 दिन बाद ही दरार आ गई। लड़की ने जिस प्यार के खातिर अपने माता-पिता भाई बहन और घर को छोड़ दिया, इसी प्यार ने उसे 15 दिनों में धोखा दे दिया। युवक अर्जुन शादी के 15 दिन बाद ही घर छोड़कर भाग गया। इसके बाद लड़की अपने पिता के घर लौट आयी।

प्रियंका के भाई सतेंद्र प्रताप ने बताया कि उसकी बहन ने अर्जुन के साथ भाग कर शादी की थी। दोनों बदरपुर बॉर्डर इलाके में ही किराए के मकान में रहने लगे। अर्जुन मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और वह लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी की रहने वाले हैं।

लड़की के भाई सतेंद्र प्रताप ने बताया कि अर्जुन उसकी बहन को 15 दिनों में ही प्रताड़ित करने लगा और फिर उसे छोड़कर भाग गया। उसके माता-पिता और वह खुद इस शादी से खुश नहीं थे, लेकिन फिर भी बेटी की खुशी को चाहते हुए उसके पिता अभिनंदन प्रताप ने अर्जुन से बात की। आरोप है कि अर्जुन ने दहेज की मांग करते हुए प्रियंका को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

अर्जुन ने धमकी दी कि प्रियंका को उसके पास भेजा तो वह उसे काटकर फेंक देगा। सत्येंद्र के मुताबिक अर्जुन प्रियंका को शादी के बाद उसे अपने भाई भाभी के घर लेकर गया था। जहां पर वह साथ रहे थे। अर्जुन के भागने के बाद प्रियंका अकेली थी। उसके पिता 31 मार्च को उसे घर लेकर आ गए थे। उसकी बहन घर आने के बाद दूसरी मंजिल पर सोने के लिए चली गई थी।

प्रियंका ने रात में अर्जुन से फोन पर बात भी की थी, लेकिन अर्जुन ने कुछ ऐसी बात कही कि प्रियंका उसे सहन नहीं कर सकी और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे काफी गंभीर चोट आई थी। प्रियंका को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। प्रियंका की बीते कल 4 अप्रैल को इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है।

Exit mobile version