हरियाणा में रेवाड़ी जिले के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साबन पुल के पास रोड क्रॉस करते एक व्यक्ति डायल-112 वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत पहले बावल CHC और फिर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बावल थाना पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद जिले के गांव बादशाहपुर निवासी रतनलाल बिधुड़ी (64) गुरुवार को किसी काम से वैगनार कार लेकर जयपुर गए थे। देर रात वह फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साबन पुल के पास रॉयल ढाबा के सामने अपनी कार को खड़ी कर सड़क पार पीने के पानी की बोतल खरीदने जा रहे थे।
तभी सामने से अचानक तेज रफ्तार में डायल-112 ने रतनलाल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद रतनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत आसपास के लोगों ने संभाला और बावल स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने रेवाड़ी स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने ज्यादा चोट लगने की वजह से रतन लाल को मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद बावल थाना पुलिस की एक टीम पहले मौके पर पहुंची और फिर रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने इसकी सूचना रतनलाल के परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शुक्रवार को रतनलाल के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। रतन लाल के 2 लड़के और दो लड़कियां हैं।
बावल थाना प्रभारी लाजपत ने बताया कि परिजनों के बयान पर डायल-112 के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रतनलाल गाड़ी को साइड में खड़ी कर रोड क्रॉस कर रहे थे, तब डायल-112 ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
