हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन है। आखिरी समय में कांग्रेस और भाजपा ने अपने बागी नेताओं को मनाने के लिए जोर लगा रखा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोनीपत में पूर्व मंत्री कविता जैन और उनके पति राजीव जैन को मना लिया है। जिसके बाद राजीव जैन नामांकन वापस लेने के लिए राजी हो गए हैं।

नायब सैनी ने कहा- राजीव और कविता जैन ने अपना फैसला बदल लिया है। दोनों चुनाव में भाजपा की मदद करेंगे।

इसके अलावा, नारनौल में भाजपा से बागी भारती सैनी ने भी नामांकन वापस ले लिया है। एक दिन पहले नायब सैनी उन्हें मनाने के लिए गए नारनौल गए थे, लेकिन भारती सैनी ने उन्हें बैरंग लौटा दिया था।

वहीं हिसार में भाजपा की महिला मोर्चा पूर्व प्रधान गायत्री देवी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे में लिखा- महिला मोर्चा से जुड़ी किसी भी महिला को टिकट न देकर उनका अपमान किया गया है।

वहीं अंबाला सिटी से कांग्रेस ने पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को उम्मीदवार बनाया है। यहां टिकट न मिलने पर पूर्व विधायक जसबीर सिंह मलौर बागी हैं। उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया हुआ है। आज रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा मलौर का मनाने के लिए अंबाला जाएंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!