Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नौंवी कक्षा से बच्चे पढ़ेंगे अब सात सब्जेक्ट:नए सत्र 2025-26 से लागू होंगे, इससे पहले पढ़ाए जाते थे छह

हरियाणा में भिवानी बोर्ड से पढ़ने वाले बच्चों को इस बार नए सत्र से नौंवी कक्षा से छह की जगह सात सब्जेक्ट पढ़ने होंगे। इस बारे में स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रधान सचिव की ओर से एक पत्र भी जारी किया गया है। जिसमें लिखा है कि नई शिक्षा नीति 2020 के चलते सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पूर्व तक विद्यार्थियों को छह सब्जेक्ट पढ़ने होते थे।

प्रदेश में नए सत्र यानी 2025-26 में नौंवी कक्षा में दाखिला लेने वाले बच्चों को छह की बजाय सात सब्जेक्ट पढ़ने होंगे। इन सब्जेक्ट के अनुसार बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, मैथ, साइंस, सोशल साइंस तथा वोकेशनल सब्जेक्ट ड्राइंग, फिजिकल एजुकेशन व म्यूजिक में से एक के अलावा संस्कृत, पंजाबी या उर्दू में से भी एक सब्जेक्ट पढ़ना होगा। इससे पहले तक संस्कृत पंजाबी व उर्दू सब्जेक्ट नहीं था।

यह पत्र स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल की ओर से जारी किया गया है। जिसमें लिखा है कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत यह लागू किया गया है। नए सत्र 2025-26 से यह नौंवी कक्षा में लागू हो जाएगी। इसके बाद जब ये बच्चे दसवीं कक्षा में सत्र 2026-27 में जाएंगे तब भी लागू रहेगी।

इस बारे में शिक्षक केसरी नंदन सैनी ने बताया कि पहले बच्चों को हिंदी व अंग्रेजी दो ही भाषाओं का ज्ञान दिया जाता था। अब नए सत्र से इनके अलावा बच्चों को संस्कृत, पंजाबी व उर्दू में से एक अन्य भाषा के बारे में बताया जाएगा। इस प्रकार बच्चों को तीन भाषाओं की समझ हो जाएगी।

Exit mobile version