हरियाणा के 10 नगर निगमों के मेयर चुनाव के नतीजे आज आएंगे। 8 नगर निगमों में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना हो रही है । 2 नगर निगमों, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए उपचुनाव की मतगणना हो रही है। नगर निगमों के अलावा 32 नगर पालिका और नगर परिषदों के लिए भी चुनाव और उपचुनाव के परिणाम आएंगे।
भाजपा 9 नगर निगमों में आगे चल रही है। मानेसर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत यादव आगे चल रही हैं। उन्होंने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था।
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र जुलाना की नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा के डॉ. संजय जांगड़ा ने जीत दर्ज की है। फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार विकास कुमार चेयरमैन बन गए हैं। यहां भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र मित्तल हार गए।
हिसार में वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस पार्षद पद की उम्मीदवार रेखा बंसल के एजेंट आशीष लावट ने EVM की चार्जिंग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि काउंटिंग वाले दिन भी EVM फुल चार्ज है। जब अधिकारियों से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह कोई सवाल नहीं है।
9 नगर निगम समेत 41 निकायों के लिए 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। वहीं पानीपत की वोटिंग 9 मार्च को हुई थी। जिन 10 नगर निगमों में चुनाव हैं, उनमें पिछली बार 7 पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस और 1 पर हरियाणा जनचेतना पार्टी की मेयर थी। गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम में यह पहला चुनाव है।
प्रदेश में यह निकाय चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 5 महीने पहले ही यहां विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी थी। हालांकि उस वक्त माहौल कांग्रेस के पक्ष में था। इसका असर वोटिंग परसेंट में भी दिखा। भाजपा को 90 में से 48 सीटों पर जीत में कुल 39.94% वोट मिले। वहीं कांग्रेस को सीटें 37 मिलीं लेकिन उनका वोट परसेंट 39.09% रहा।

