हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्रि अनिल विज छावनी के सामान्य अस्पताल में दांत निकलवाने पहुंचे। मंत्री विज ने एक आम मरीज की तरह सिविल में इलाज कराया न कि किसी वीआईपी की तरह। अस्पताल में दांत निकलवाने के बाद अनिल विज ने वहां मौजूद पत्रकारों के सवालों का जवाब भी दिया। खास बात यह रही कि मंत्री विज ने दांत निकलवाते-निकलवाते डेंटल चेयर पर ही पूरी प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। विज ने सिविल अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं पर जवाब देते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में पूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई है और यहां पर बेहतरीन डॉक्टरों की टीम है। उन्हें यहां इलाज कराकर अच्छा लगता है, वह आज यहां पर अपना दांत ठीक कराने आए हैं।
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि लापता लोगों के मामलों की जांच के लिए तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और कई लापता बच्चों व अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया है। उन्होंने कहा कि हम कई क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और मामलों की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई है, यह भी एक समस्या सामने आती थी कि बच्चे या बड़े लापता हो जाते थे अब इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई है और इसका नतीजे अच्छे मिल रहे हैं और लापता लोगों को उनके परिजनों से मिलाया है। इसके लिए अलग से टॉस्क फोर्स बनाई गई है।
हुड्डा ने कहा भाजपा व जजपा घोटालों की सरकार है पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश में प्रजातंत्र है और विपक्ष को बोलने का अधिकार है, मगर इसका मतलब यह नहीं कि वह जो मर्जी बोले जाए। हुड्डा साहब यह तो बताए कि कहां कौन सा घोटाला हुआ है। यदि कहीं गलती हुई तो वहां उसके खिलाफ सरकार ने कार्रवाई नहीं की। ऐसे आरोप हुड्डा साहब द्वारा लाना गलत है। विज ने कहा कि वह तो स्वयं कांग्रेस के घोटाले बता सकते हैं।
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि जितनी आजादी मुसलमानों को हिंदुस्तान में है उतनी तो किसी मुस्लिम देश में भी नहीं है। ऐसे बयान महबूबा मुफ्ती हिंदुस्तान में बैठकर ही कह सकती है, यदि उन्हें देखना है तो वह किसी मुस्लिम देश में जाकर देंखे की वहां पर क्या हालत है। हमारे यहां सभी को सामान रूप से आजादी दी गई है और लोग उसका आनंद भी ले रहे हैं।
दिल्ली को भ्रष्टाचार मुक्त करने के केजरीवाल के बयान पर अनिल विज ने कहा कि हम दिल्ली को केजरीवाल से मुक्त करने जा रहे हैं। केजरीवाल का गुब्बारा फूट चुका है और अब सभी इनकी असलियत को जान चुके हैं। वहीं, राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा में आदित्य ठाकरे के जुड़ने पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यात्रा में कई प्रकार के ऐसे लोग जो भारत तोड़ों के नारे भी लगाते हैं वह भी इस यात्रा में शामिल हुए हैं और उन्हें इसमें कोई आश्चर्य नहीं होता है। श्री विज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से जीतेगी।

