हरियाणा के झज्जर के रोहद गांव में श्याम जी मंदिर के पास एक 32 वर्षीय युवक को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली मारने के बाद मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मृतक मनजीत का फाइल फोटो
असोधा पुलिस थाना प्रभारी सुनील के मुताबिक गांव रोहद निवासी मनजीत काे गोली मारी गई है। गांव के श्याम जी मंदिर के पास दो बाइक सवार लड़कों ने घटना को अंजाम दिया। प्राथमिक जांच में दोनों लड़के गांव के ही बताए जा रहे हैं। दोनों वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घायल मनजीत को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि वे पीजीआई रोहतक जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक मनजीत और बाइक पर सवार होकर आए दोनों आरोपी युवक तीनों ही दोस्त थे। शनिवार को किसी बात को लेकर उनकी आपस में मामूली कहा सुनी हुई थी। इसी बात की रंजिश में दोनों युवकों द्वारा मनजीत पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें मनजीत की मौत हो गई। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।
