Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में ग्रुप D में नंबर न आने पर युवक ने निगला जहर: सालों की तैयारी के बाद नौकरी के लिए परेशान युवक की मौत– उसके द्वारा पढ़ाए बच्चे हुए पास

हिसार के हांसी में सरकारी नौकरी न मिलने से परेशान युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। युवक काफी समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। कुछ दिन पहले आए ग्रुप-डी के रिजल्ट में भी उसका नाम नहीं आया। हांसी सदर पुलिस ने बुधवार को युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार गांव जीतपुरा निवासी मोनू यादव (26) ने गांव देपल के पास कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हांसी के अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता धर्मवीर यादव काे घटना की जानकारी दी। इस बीच इलाज के दौरान मोनू की मौत हो गई।

मोनू के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा मंगलवार को भिवानी जाने की बोल कर घर से निकला था। उन्होंने दोपहर को बेटे को फोन किया तो उसने एक घंटे बाद घर पहुंचने की बात कही। लेकिन, वह घर नहीं पहुंचा। इसके कुछ समय बाद पुलिस का फोन आया कि बेटे ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।

धर्मवीर ने बताया कि मोनू ने M.Sc. किया हुआ था। वह बच्चों को सरकारी नौकरी के लिए कोचिंग भी देता था। उन्होंने बताया कि मोनू के पढ़ाए कई बच्चों को सरकारी नौकरी मिल गई। लेकिन, मोनू को नहीं मिली। तीन दिन पहले ग्रुप-डी की लिस्ट जारी हुई थी। उसमें भी मोनू का नाम नहीं आया।इसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी वजह से उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। धर्मवीर ने बताया कि उनकी 2 बेटी और 2 बेटे थे।

Exit mobile version