करनाल में लाडवा-इंद्री रोड पर एक तेज रफ्तार ट्राले ने रास्ते में खराब खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के ड्राइवर व कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों के शव ट्रक के नीचे फंस गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दो हाइड्रा मशीनों की मदद से दोनों शवों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। आरोपी ट्राला चालक मौके से फरार हो गया

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी के शामली निवासी ड्राइवर इमरान(34) व कंडक्टर अरूण(35) ट्रक में लोड करके कोटा से शामली जा रहे थे। रविवार की अलसुबह करनाल में लाडवा-इंद्री रोड पर उनके ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। जिसको साइड में लगाकर वे दोनों टायर को ठीक कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उनके ट्रक को टक्कर मारी और दोनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 1 घंटे की कड़ी मश्कत के बाद ट्रक के नीचे दबे दोनों शवों को हाइड्रा मशीनों की मदद से बाहर निकाला।
