Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बिजली बिल को लेकर सास-बहू में मारपीट, VIDEO वायरल; बहू के खिलाफ केस दर्ज

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के गांव बल्लाह में बिजली बिल को लेकर सास-बहू के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें बहू अपनी सास के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। वीडियो में बुजुर्ग महिला लोगों से मदद मांगते हुए कहती है कि कोई पुलिस चौकी में फोन कर दो। शिकायत मिलने के बाद बल्लाह पुलिस चौकी में बहू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

₹3 हजार के बिजली बिल को लेकर विवाद

जानकारी के अनुसार, गांव बल्लाह निवासी 60 वर्षीय कृष्णा अपने इकलौते बेटे बिजेंद्र से अलग रहती हैं। उनका अपनी पुत्रवधू रेणु के साथ बिजली बिल को लेकर विवाद चल रहा था। घर में इस्तेमाल होने वाला बिजली मीटर कृष्णा के पति पालेराम के नाम पर है और इसका इस्तेमाल दोनों परिवार करते थे।

बताया गया है कि बिजली का बिल करीब 3 हजार रुपये आया था। कृष्णा इसे भरने में असमर्थ थीं, जबकि रेणु बिल को आधा-आधा बांटने की बात कह रही थी। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए।

मीटर उतरवाने के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, बिजली बिल को लेकर चल रहे विवाद के बीच कृष्णा ने शनिवार को बिजली का मीटर उतरवा दिया। इसके बाद सास-बहू के बीच तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में बहू अपनी सास से गुस्से में बात करती और उनके साथ मारपीट करती दिखाई देती है। वहीं, बुजुर्ग महिला मदद के लिए लोगों से गुहार लगाती नजर आती है। वीडियो में एक अन्य लड़की बीच-बचाव करने की कोशिश भी करती दिखाई देती है।

25 अक्टूबर की घटना, 27 अक्टूबर को शिकायत

पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही घटना 25 अक्टूबर की है। इसके दो दिन बाद 27 अक्टूबर को कृष्णा की ओर से बल्लाह पुलिस चौकी में शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर रेणु के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस बोली- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

बल्लाह पुलिस चौकी प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि कृष्णा ने अपनी पुत्रवधू रेणु के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है। मामला घरेलू विवाद और बिजली बिल से जुड़ा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, मामले में पुलिस जांच जारी है।

Exit mobile version