Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में जिंदा बुजुर्ग को मृत बताया:श्मशान घाट ले जा रहे थे, अर्थी पर लिटाने से पहले अचानक हाथ-पैर हिले, आंखें भी खोलीं

हरियाणा के यमुनानगर में डॉक्टरों ने 75 साल के जिस व्यक्ति को मरा हुआ करार दिया, अचानक उसकी सांसें चल पड़ीं। उस वक्त श्मशान में उसके अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियां तक लाई जा चुकीं थी। घर में रिश्तेदार विलाप कर रहे थे। उसे अर्थी पर लिटा श्मशान ले जाने की तैयारी थी।

इससे पहले शरीर को शुद्ध करने के लिए नहलाया जा रहा था। जब परिजनों ने उसके मुंह से वेंटिलेटर की पाइप निकाली तो उसकी सांसें चल पड़ीं। पहले परिजनों को लगा कि उन्हें वहम हो रहा है। फिर उसने आंखें खोल लीं और एक गिलास पानी भी पिया। इसके बाद परिजन तुरंत दूसरे अस्पताल में ले गए।वहां के डॉक्टरों ने कबूला कि वह अभी जिंदा है। जिसके बाद उसका इलाज किया गया। हालांकि करीब 7 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने जिंदा आदमी को मृत करार देने वाले अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

यमुनानगर के छछरौली के कोट बसवा की माजरी गांव के रहने वाले सतपाल ने बताया कि मंगलवार को अचानक उनके भाई शेर सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द होने लगा और सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने उन्हें तुरंत यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

भाई सतपाल ने बताया- यमुनानगर के अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। इसके बाद शेर सिंह को आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। बुधवार दोपहर 12 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव को गांव ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी और रिश्तेदारों को सूचित कर दिया।

भाई सतपाल ने बताया- अंतिम संस्कार से पहले शव को शुद्ध करने के लिए नहलाया जाना था। इसके लिए परिजनों ने शेर सिंह के मुंह से वेंटिलेटर की पाइप निकाली। तभी अचानक उनके हाथ-पैर हिलने लगे और सांसें चलने लगीं। यह देख परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद तुरंत उन्हें पानी पिलाया गया।

भाई सतपाल ने बताया- इसके बाद शेर सिंह को शहर के एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टर ने चैक किया तो शेर सिंह की सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत वेंटिलेटर पर ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य सुधार के लिए कुछ दवाइयां भी दी गईं। सतपाल ने आगे बताया- रात करीब साढ़े 11 बजे डॉक्टर परिजनों से आकर कहा कि उनकी आखिरी सांसें चल रही हैं। सेहत में सुधार नामुमकिन है। इसलिए डॉक्टर ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। शेर सिंह को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर तुरंत घर ले आए।

रात को उन्हें बेड पर सुला दिया। उनके साथ उनका भतीजा लेटा हुआ था। रात करीब ढाई बजे शेर सिंह के शरीर में हरकत महसूस हुई। जब भतीजे ने शेर सिंह को हिलाकर देखा तो शरीर सुन्न पड़ा था। जब उसने सांसें चैक की तो पता चला कि शेर सिंह दम तोड़ चुके थे। तुरंत परिवार और रिश्तेदार इकट्ठा हो गए। इसके बाद आज गुरुवार को शेर सिंह के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भाई सतपाल ने कहा कि हम सभी सदमे में थे। डॉक्टरों ने तो उन्हें मृत घोषित कर दिया था, लेकिन अंतिम संस्कार से पहले भगवान ने चमत्कार कर दिखाया था। सतपाल ने कहा कि हम इस मामले में उस डॉक्टर के कार्रवाई की मांग करेंगे जिसने शेर सिंह को जिंदा होते हुए मृत घोषित कर दिया था। सतपाल ने बताया कि उनका भाई मजदूरी करता था। उसकी 3 बेटियां और एक बेटा है।

इस बारे में छछरौली अस्पताल के SMO डॉ. वागिश गुटैन ने बताया कि जब भी किसी व्यक्ति को मृत घोषित किया जाता है तो उसकी पल्स, हार्ट रेट और ECG आदि टेस्ट किए जाते हैं। आदमी दोबारा कैसे जिंदा हो गया, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। इस बारे में अभी कोई शिकायत नहीं आई है।

Exit mobile version