Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कलयुगी बाप ने बेटे की कस्सी से काटकर की हत्या:शराब पीने के दौरान पिता से हुआ झगड़ा

सिरसा में गुरुवार रात पिता ने अपने बेटे की कस्सी मारकर हत्या कर दी। दोनों का शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। शुक्रवार सुबह युवक का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान बड़ागुढ़ा निवासी संदीप कुमार (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संदीप मजूदरी करता था। उसे शराब पीने की लत थी। उसके शराब पीने की आदत की वजह से संदीप की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वह घर पर अपने पिता लालचंद के साथ रहता था। ​​​​ लालचंद भी अपनी पत्नी से झगड़ा करता था। इसीलिए संदीप की मां भी अलग रहती थी।

गुरुवार रात को शराब के नशे में संदीप का अपने पिता लालचंद से झगड़ा हो गया। देर रात जब संदीप सोया हुआ था तो लालचंद ने कस्सी से संदीप पर एक के बाद एक वार किए। संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लालचंद घर से फरार हो गया।

शुक्रवार सुबह गांव का एक व्यक्ति किसी काम से लालचंद के घर पहुंचा। वहां चारपाई पर संदीप का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसे घर में जाकर लालचंद को आवाज लगाई, लेकिन वह घर से भाग चुका था। इसके बाद लालचंद के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि हत्या में लालचंद शामिल है या नहीं। मृतक के रिश्तेदारों का बयान दर्ज करके हत्या का केस दर्ज किया जाएगा।

Exit mobile version