Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 33.83 लाख लोगों ने जमा नहीं करवाए SIR के गणना प्रपत्र, CEO ए. श्रीनिवास ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक; BLA घर-घर जाकर करेंगे मदद

चंडीगढ़। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में अब तक 33 लाख 83 हजार 302 लोगों ने गणना प्रपत्र जमा नहीं करवाए हैं। इसको लेकर हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ए. श्रीनिवास ने मंगलवार को चंडीगढ़ में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) सक्रिय करने और पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र जमा करवाने में सहयोग देने की अपील की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों और बूथों पर अभी तक पात्र मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं करवाए हैं, वहां राजनीतिक दलों के BLA लोगों से संपर्क करें। उन्हें प्रपत्र भरने और जमा करवाने की प्रक्रिया में मदद दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

प्रदेश में करीब 21 हजार पोलिंग बूथ

हरियाणा में कुल 90 विधानसभा क्षेत्र हैं और प्रदेश में लगभग 21 हजार पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। SIR प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दल बूथ स्तर पर अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर सकते हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दल एक बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) नियुक्त कर सकते हैं, जबकि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर एक बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) नियुक्त करने का अधिकार है।

मतदाता सूची की गलतियों पर भी रखेंगे नजर

SIR प्रक्रिया में BLA राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि के तौर पर मतदाता सूची की जांच में सहयोग करते हैं। वे मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करने, पात्र लोगों के नाम जुड़वाने और सूची में मौजूद गलतियों की पहचान करने में मदद करते हैं।

इसके अलावा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों को लेकर भी वे चुनाव अधिकारियों के सामने आपत्ति और सुझाव रख सकते हैं। BLA मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाने में भी सहायता करेंगे। साथ ही बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ समन्वय बनाकर प्रक्रिया को सुचारू रखने में भूमिका निभाएंगे।

भाजपा, कांग्रेस और जजपा समेत 4 दलों के प्रतिनिधि पहुंचे

चंडीगढ़ में हुई बैठक में भाजपा, कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी (JJP) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। भाजपा की ओर से वरिंद्र गर्ग, कांग्रेस की ओर से रणधीर सिंह, CPI(M) की ओर से सतीश सैठी और जजपा की ओर से रणधीर बैठक में शामिल हुए।

वहीं, इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) और आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से कोई प्रतिनिधि बैठक में नहीं पहुंचा।

पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना उद्देश्य

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि SIR के दौरान मतदाता सूची में पात्र लोगों का नाम शामिल रहे और गलत या अपूर्ण जानकारी को समय रहते ठीक किया जा सके। इसके लिए BLA को मतदाताओं के साथ संपर्क बढ़ाकर गणना प्रपत्र जमा करवाने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version