हरियाणा के चरखी दादरी में बीती रात हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे 334 बी पर गांव इमलोटा के समीप हुआ। यहां शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार खड़े ट्रक से टकरा गई। घायल की हालत गंभीर है और उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव इमलोटा निवासी प्रदीप, साहिल (20), दीपक (27) और खेमचंद (28) झज्जर जिले के छुछकवास में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। समारोह में शिरकत के बाद वे बीती रात को वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव इमलोटा से थोड़ा पहले सड़क पर सरसों के तुड़ा से भरा ट्रक खड़ा था। युवकों की सियाज कार इस खड़े ट्रक से टकरा गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार सवार लोगों को संभाला। कार सवार तीन युवकों साहिल, दीपक व खेमचंद की मौके पर मौत हो चुकी थी और प्रदीप गंभीर रूप से घायल था। उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
सदर थाना पुलिस कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है और सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
चरखी दादरी सदर थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि रात करीब दो-ढाई बजे कार सवार शादी समारोह से लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से लाइट पड़ने के कारण उनकी कार सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। चालक ने ट्रक को आधा सड़क पर और आधा नीचे खड़ा कर रखा था। उसने गलत तरीके से ट्रक को पार्क किया था।
