Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मिलेगा 2 लाख लोगों को 100 गज का प्लॉट और 2.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता

हरियाणा में 2 लाख लोगों का अपने घर का सपना जल्द साकार होने वाला है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार योजना का खाका तैयार कर रही है। योजना के तहत जमीन से वंचित योग्य प्रार्थियों को गांवों में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे।

इस संबंध में हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के महानिदेशक श्री जे गणेशन ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के धरातल पर क्रियान्वयन से गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार होगा और वे अपना घर बनाकर सुरक्षित व सम्मानित जीवन जी सकेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि 100-100 गज के प्लॉट शहरों की तर्ज पर सभी बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित विकसित कॉलोनियों में दिए जाएंगे, जिनमें पक्की सड़कें, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सौर ऊर्जा, पार्क और ओपन ग्रीन स्पेस जैसी सभी भौतिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत फ्लैट लेने हेतु पंजीकृत आवेदकों को पहले चरण में 8 जिलों में निजी डेवलपर द्वारा ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए बनाए गए 6618 फ्लैट्स का आवंटन भी शीघ्र किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत 14 शहरों में जिन लाभार्थियों को प्लॉट आवंटित किए गए थे, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर मकान बनाने हेतु 2.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी. इतना ही नहीं, इन 14 शहरों में लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों का शुभारंभ जल्द ही किया जाएगा.

Exit mobile version