Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरिद्वार में रील बनाने को तेज बहाव में कूदा युवक, देखते-देखते गंगा में समा गया

हरिद्वार: गंग नहर में नहाने के दौरान रील बनाने का शौक सहारनपुर के एक युवक को भारी पड़ गया। युवक का दोस्त जहां उसके नहाने का वीडियो बनाता रहा वहीं युवक रील के चक्कर में गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। युवक के मौत का लाइव वीडियो मोबाइल में कैद हो गया। पुलिस ने युवक शव बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पंजाबी बाग कॉलोनी, सहारनपुर निवासी विकास अपने दोस्तों प्रमोद, सागर और विवेक त्यागी के साथ हरिद्वार में गंगा नहाने के लिए आया हुआ था। हरिद्वार में घूमने के बाद यह चारों दोस्त मध्य हरिद्वार में गोविंदपुरी गंगनहर घाट पर पहुंचे। यहां विकास नहाने के लिए गंग नहर में उतरा। इस दौरान उसने अपने दोस्त को मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए कहा।

नहाने के लिए विकास गंगनहर की रेलिंग पर चढ़ गया और उसे पार कर गहराई की ओर बढ़ गया। उसके दोस्त इसे सामान्य बात समझ कर वीडियो बनाते रहे। कुछ दूर तैरने के बाद विकास ने जब वापस आने का प्रयास किया तो वह रेलिंग तक नहीं पहुंच पाया और देखते ही देखते गंग नहर में समा गया।

वीडियो बनाने वाले दोस्त और दूसरे चश्‍मदीद उस समय असहाय होकर देखते रह गए जब विकास नहाते-नहाते अचानक गहराई में गायब हो गया। मोबाइल से बनाए गए इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि विकास ने रेलिंग की तरफ वापस आने की पूरी कोशिश की लेकिन वह गंग नहर में डूब गया।

सूचना मिलने पर जल पुलिस के गोताखोरों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन भी चलाया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं विकास के परिजनों को भी घटना के बारे में जानकारी दे दी गई। अगले दिन सुबह पुलिस ने एक बार फिर से विकास की खोजबीन शुरू की। दोपहर के समय गंग नहर पर बने पथरी पावर हाउस से विकास का शव बरामद हो गया।

Exit mobile version