Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हापुड़ में दुकान से खरीदकर युवती ने पीया पानी, तेजाब से भरी थी: पीते ही होने लगी खून की उल्टियाँ, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; जाँच में जुटी UP पुलिस

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने सीलबंद पानी की बोतल से दो घूँट पीते ही अचानक तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। आरोप है कि बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा खतरनाक रसायन भरा हुआ था।

शिक्षिका की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन नगर में रहने वाली रिया अपनी माँ अंजना राघव के साथ एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थीं। प्यास लगने पर उन्होंने पानी माँगा, जिसके बाद दुकान के मालिक ने पास की एक जनरल स्टोर से ठंडी और सीलबंद पानी की बोतल मँगवाई।

आरोप है कि रिया ने जैसे ही बोतल से दो घूँट पीये, उनके गले में तेज जलन शुरू हो गई और उन्हें उल्टियाँ होने लगीं। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनकी आँतों में भी गंभीर नुकसान हुआ है और उन्हें खून की उल्टियाँ हो रही हैं।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें रिया बोतल खोलकर पानी पीती दिखाई देती हैं और कुछ ही सेकंड बाद बेचैन होकर वहाँ से हट जाती हैं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को बोतल में मौजूद तरल पदार्थ पर शक हुआ।

हालाँकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि गलती से पानी के ब्रांड वाली बोतल में तेजाब भरकर फ्रिज में रख दिया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस सर्राफ, जनरल स्टोर मालिक और बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ कर रही है।

संदिग्ध तरल पदार्थ को जाँच के लिए भेजा जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बोतल में वास्तव में क्या था और इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है। पुलिस का कहना है कि जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version