सोहना में मां के अंतिम संस्कार के समय बेटे की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने बेटे की जान बचाने के लिए अस्पताल भी लेकर गए लेकिन बचा नहीं पाए। 69 वर्षीय मृतक हरियाणा रोडवेज से रिटायर्ड था।

जानकारी के अनुसार सोहना पठान वाडा निवासी 92 वर्षीय महिला धर्म देवी की वृद्धावस्था के चलते निधन हो गया। परिजन शव को दाह संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर गए। मां को मुखाग्नि देने के लिए बड़े बेटे सतीश को बुलाया गया। जब मां की चिता को मुखाग्नि दे ही रहा था तो अचानक वह बेसुध हो गया। परिजन उसे गुरुग्राम के अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक सतीश हरियाणा रोडवेज विभाग से सेवानिवृत्त था। वहीं दोनों की मौत होने से परिजनों में शोक का माहौल है। मां के बाद बेटे की भी इस तरह अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है। वार्ड नम्बर 16, मोहल्ला पठान वाडा में धर्मदेवी को अंतिम संस्कार के लिए दमदमा मार्ग स्थित स्वर्ग आश्रम में ले जाया गया था। वहीं पर उसके बेटे को हार्ट अटैक आया।
