Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बहादुरगढ़ में चेकिंग से बचने के लिए ASI पर चढ़ाई बाइक, मौत: बिना हेलमेट सवार युवकों ने रुकने का इशारा करने पर मारी टक्कर, एक आरोपी गिरफ्तार

झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सड़क सुरक्षा के लिए वाहनों की चेकिंग कर रहे ट्रैफिक पुलिस के ASI को बाइक सवार युवकों ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ASI की मौत हो गई। आरोप है कि बिना हेलमेट बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिसकर्मी के रुकने का इशारा करने पर बाइक रोकने के बजाय उन्हें सीधी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

मृतक ASI की पहचान राकेश के रूप में हुई है। वह सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र के गांव पिपली के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

पारले-जी फैक्ट्री के पास कर रहे थे चेकिंग

जानकारी के अनुसार, ASI राकेश की तैनाती बहादुरगढ़ ट्रैफिक थाने में थी। बुधवार को वह दिल्ली-रोहतक रोड पर ओमेक्स गेट के सामने पारले-जी फैक्ट्री के पास पुलिस टीम के साथ वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे।

इसी दौरान पल्सर बाइक पर दो युवक वहां से गुजर रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। ASI राकेश ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने बाइक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

सड़क पर गिरे ASI, सिर में आई गंभीर चोट

बाइक की टक्कर लगने से ASI राकेश सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक मौके से भागने लगे। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

2004 में हरियाणा पुलिस में हुए थे भर्ती

ASI राकेश का जन्म 27 जुलाई 1972 को हुआ था। उन्होंने 9 अप्रैल 2004 को हरियाणा पुलिस में नौकरी शुरू की थी। उनकी पहली नियुक्ति हरियाणा पुलिस की दूसरी बटालियन में हुई थी। इसके बाद 22 जुलाई 2025 को उन्हें बहादुरगढ़ ट्रैफिक थाने में तैनाती मिली थी। करीब 22 साल तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले राकेश की मौत से विभाग के कर्मचारियों में शोक है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

DCP ट्रैफिक शुभम सिंह ने बताया कि घटना के बाद बाइक सवार युवकों ने भागने का प्रयास किया। इनमें से एक युवक फैक्ट्रियों की तरफ भाग गया था। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले ASI की मौत से पुलिस महकमे में शोक

यह घटना एक बार फिर सड़क पर नियमों का पालन न करने और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए खतरनाक कदम उठाने के गंभीर परिणामों को सामने लाती है। यातायात नियमों का पालन करवाने की ड्यूटी निभा रहे एक पुलिसकर्मी को अपनी जान गंवानी पड़ी।

Exit mobile version