Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में फिल्मी अंदाज में कार घेरकर हमला, 16-17 युवकों ने 3 दोस्तों को घेरा; रॉड-गंडासी और डंडों से पीटा

पानीपत। पानीपत के गांव शहरमालपुर में मामूली कहासुनी के बाद 16-17 युवकों के एक गुट ने तीन दोस्तों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद स्विफ्ट कार से लाल रंग की स्विफ्ट कार को घेरकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद युवकों पर लोहे की रॉड, गंडासी, डंडे और सूंए से हमला किया गया। वारदात में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के दौरान कार में अमनदीप, उसका मामा का लड़का आशीष और गांव का ऐतिक मौजूद थे। पीड़ित अमनदीप की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना बापौली पुलिस ने 12 नामजद और 4-5 अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकारी स्कूल के पास गाड़ियों से घेरकर रोका

गांव शहरमालपुर निवासी अमनदीप ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने मामा के लड़के आशीष और गांव के ऐतिक के साथ लाल रंग की स्विफ्ट कार में खेत जा रहा था।

जब उनकी कार गांव के सरकारी स्कूल के पास गढ़ी-छाज्जू मोड़ पर पहुंची तो काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद स्विफ्ट कार में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। दोनों गाड़ियों को आगे लगाकर रास्ता रोक दिया गया। इसके बाद उनमें से कई युवक नीचे उतरे और हमला शुरू कर दिया।

सिर पर रॉड और गंडासी से वार करने का आरोप

अमनदीप के आरोपों के अनुसार, राजेश उर्फ पड़ता ने लोहे की रॉड और सचिन उर्फ शैट्टी ने गंडासी से उसके सिर पर वार किया। वहीं अमन ने डंडे और विशाल ने सूंए से हमला किया। हिमांशु ने बिंडे से उसकी कमर पर चोट मारी।

इसके बाद अन्य युवकों ने भी डंडों और बिंडों से पिटाई की। हमलावरों ने कार में मौजूद आशीष और ऐतिक को भी निशाना बनाया। इस हमले में दो युवक घायल हुए।

शोर सुनकर पहुंचा चचेरा भाई, आरोपी फरार

हमले के दौरान शोर सुनकर अमनदीप का चचेरा भाई कार्तिक मौके पर पहुंच गया। उसे आता देखकर आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।

इसके बाद परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस को दी।

12 नामजद समेत 16-17 युवकों पर केस

थाना बापौली पुलिस ने अमनदीप की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सचिन उर्फ शैट्टी, राजेश उर्फ पड़ता सहित 12 नामजद और 4-5 अन्य युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोपियों की उम्र 22 से 28 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version