Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

इसराना में सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत- एक अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर, घर के पास ही हुआ हादसा

हरियाणा के पानीपत जिले की इसराना तहसील में एक हादसा हो गया। खेत से घर लौट रहे बाइक सवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल भिजवाया, जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया। मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। शव का आज पोस्टमार्टम होगा।

जानकारी के मुताबिक इसराना थाना पुलिस को दी शिकायत में भलेराम ने बताया कि वह गांव बुआना लाखु इसराना तहसील का रहने वाला है। वह दो बेटों का पिता है, जिनमें सुरेश (42) बड़ा बेटा था। बुधवार की रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने घर के सामने पोते संदीप के साथ खड़ा था। इसी दौरान वहा सुरेश अपनी बाइक पर सवार होकर खेत से वापस लौट रहा था। जब वह घर के नजदीक पहुंचा तो वहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन आया।

उस अज्ञात वाहन ने सुरेश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक से उछल कर सुरेश जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ का फायदा उठा कर आरोपी अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में खून से लथपथ सुरेश को तनजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ने बताया कि सुरेश तीन बच्चों का पिता था।दो बेटी व एक बेटा है। दो बच्चे अभी स्कूली शिक्षा ले रहे हैं। एक बेटी अभी छोटी है। आजीविका के लिए सुरेश एक निजी स्कूल की बस ड्राइवरी करता था। बाकी बचे समय में वह अपने खेत संभालता था। सुरेश की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Exit mobile version