प्रभारी थाना सदर निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि दिनांक 09.06.18 को रोहतक पुलिस को गांव सिंहपुरा कलां नया बाईपास के पास एक अज्ञात व्यक्ति को शव जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत अभियोग संख्या 292/2018 दर्ज जांच शुरु कर दी। जांच के दौरान मृतक की पहचान सांबा (जम्मू कश्मीर) निवासी ट्रक चालक निर्मल सिंह के रुप में हुई। जांच में सामने आया कि गलत दिशा में ट्रक चलाने को लेकर हुए झगड़े में ट्रक पर क्लीनर रहे बजरंगी ने चालक निर्मल सिंह की हत्या की है। तत्परता से कार्यावही करते हुए पुलिस टीम ने दिनांक 13 जून 2018 को सोनीपत से क्लीनर बजरंगी को ट्रक सहित गिरफ्तार किया था।
आरोपी बंजरंगी पुत्र बिहारीलाल निवासी गांव चिमचा जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को माननीय सेशन कोर्ट रोहतक द्वारा आज निर्मल सिंह की हत्या मे दोषी करार दिया है। आरोपी को दिनांक 06.08.2022 को सजा सुनाई जाएगी।
यह था मामला:
सरदार निर्मल सिंह तरसेम सिंह के ट्रक पर चालक की नौकरी करता था। उसी ट्रक पर बजरंगी क्लीनर की नौकरी करता था। दिनांक 07.06.18 को निर्मल सिंह व बजरंगी ट्रक पर सवार होकर जम्मू वाया जीन्द के लिए चले थे। दिनांक 08.06.18 को निर्मल सिंह व बजरंगी ट्रक को लेकर करौथा (रोहतक) स्थित एक ढ़ाबे पर पहुँचे। विश्राम व खाना खाने के बाद शाम करीब 6/7 बजे दोनो ट्रक को लेकर जीन्द की तरफ चले।
चालक निर्मल सिंह ट्रक में सो गया तथा ट्रक को क्लीनर बजरंगी चलाने लगा। रास्ते का ज्ञान ना होने के कारण बजरंगी ने ट्रक को हिसार की तरफ मोड़ दिया। करौथा से हिसार रोड़ पर करीब 60/70 किलोमीटर चलने के बाद चालक निर्मल सिंह की आँख खुली तो उसने गलत रास्ते पर चलने के कारण बजरंगी को टोका तो दोनो का आपस में झगड़ा हो गया। बजरंगी ने गाड़ी को वापीस रोहतक की तरफ मोड़ लिया।
बहु अकबरपुर स्थित श्यामजी मंदिर से बजरंगी ने ट्रक को जीन्द की तरफ नए बाईपास पर मोड़ लिया। वहां पर बजरंगी का निर्मल सिंह के साथ फिर झगड़ा हो गया। बजरंगी ने निर्मल सिंह को थप्पड मारा तथा साईड़ में रखे व्हील पाने को जोर से निर्मल सिंह के सिर पर मारा। सिर में चोट लगते ही निर्मल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बजरंगी ने नए बाईपास पर ट्रक को जीन्द रोड़ पर स्थित गोल चक्कर से वापीस बहु अकबरपुर की तरफ मोड़ लिया। थोड़ा चलने के बाद बजरंगी ने बाबा रामपाल आश्रम के पास ट्रक को साईड़ में लगाकर निर्मल सिंह की लाश को सड़क के साईड में डाल दिया। आरोपी बजरंगी ने कंबल व अन्य कपडे जिनपर खून लगा था को निर्मल सिंह की लाश के ऊपर डालकर आग लगा दी। उसके बाद आरोपी बजरंगी ट्रक को लेकर सैदपुर (सोनीपत) झुग्गी झोपड़ी मे अपने घर चला गया। आरोपी ने ट्रक को गलत दिशाने में चलाने को लेकर हुए झगड़े में निर्मल सिंह की हत्या की है। तथा शव की शिनाख्त ना हो सके इसलिए आरोपी ने शव को आग के हवाले किया था।
