Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम के स्कूल में खौफनाक कत्ल!भारी वस्तु से सिर कुचल युवक की बेरहमी से हत्या, खून से सना फर्श देख सहमे टीचर्स

हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार की सुबह एक सरकारी स्कूल में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक टीचर और अन्य स्टाफ जब स्कूल पहुंचे तो उन्हें युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। फर्श पर भी काफी खून फैला हुआ था। लाश देखकर टीचर्स घबरा गए।

स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कोई भारी वस्तु सिर पर मार कर युवक की हत्या की गई है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम मौके पर बुला ली गई है। उधर, मृतक युवक की पहचान युवक रवि के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 20 साल है। वह यूपी के ललितपुर का रहने वाला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक यह मामला राजकीय माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी में सामने आया है। शुक्रवार सुबह जब टीचर्स और स्टाफ स्कूल पहुंचे तो युवक का शव पड़ा देखा। इससे स्कूल में अफरातफरी मच गई। तुरंत ही शिक्षा विभाग और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। सबसे पहले पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लिया। इसके बाद उस एरिया को सील कर दिया, जहां लाश मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के एरिया में जांच शुरू की।

पुलिस ने टीचर्स और स्टाफ से मामले की जानकारी ली। मृतक युवक उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का रहने वाला था। युवक की पहचान होते ही पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रवि कल रात से लापता था। सुबह पुलिस ने उन्हें हत्या की जानकारी दी। रवि अविवाहित था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक रवि अभी काम की तलाश कर रहा था। परिवार के साथ हेली मंडी एरिया में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर पुलिस को शराब की खाली बोतल और कुछ नमकीन के पैकेट भी मिले हैं।

पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया है। दोनों टीमों ने साक्ष्य जुटाए। युवक रवि जींस और टीशर्ट पहने हुए था। वह यहां कैसे आया, किसके साथ आया और कब आया, इन सवालों के जवाब के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि रात के समय किसी ने उसको स्कूल में बुलाया और बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Exit mobile version