Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मे नगर की पेयजल से संबंधित शिकायतों का तुरंत करें समाधान :- उपायुक्त अजय कुमार


रोहतक, उपायुक्त अजय कुमार ने नगर की पेयजल से संबंधित शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज कैंप कार्यालय में पेयजल को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे हैं। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि नगर के जिस भी क्षेत्र से पेयजल से संबंधित शिकायत आती है, तो संबंधित विभाग उसे पर तुरंत संज्ञान ले। जरूरत अनुसार अतिरिक्त लेबर लगाकर जल्द से जल्द शिकायतों का निवारण करें। उन्होंने कहा कि लोगों को शिकायत पर कार्रवाई होती नजर आनी चाहिए।
उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही को कतई सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक विभाग को पेयजल से संबंधित जो भी शिकायतें मिली है उन पर कार्य प्रगति पर है और सभी शिकायतों का समाधान कुछेक दिन में ही हो जाएगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मौजूदा समय में नगर के चारों जल घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि गर्मी के सीजन में 24 दिनों में नहर में पानी की आपूर्ति होती है, जिस समय अवधि में नहर में पानी नहीं होता उसे समय पेयजल की एक समय में आपूर्ति की जाती है। जबकि नहर में पानी की आपूर्ति के दौरान नियमित रूप से वैकल्पिक दिवस पर दो समय पानी की सप्लाई दी जाती है।
उपायुक्त अजय कुमार ने मॉडल टाउन में गुलाटी स्वीट्स के साथ वाली गली तथा डीएलएफ कॉलोनी में एसबीआई के सामने वाली गली से मिली पेयजल की शिकायत के बारे में अधिकारियों से जवाब तलब किया और दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि ज्यादातर शिकायतों में गंदे पानी का फाल्ट ढूंढने पर पता चला है कि इसका मुख्य कारण घरों के पेयजल कनेक्शन है, जिन्हें विभाग द्वारा दुरुस्त किया गया है। बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मनदीप धनखड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ राजेश रोहिल्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Exit mobile version